मध्य प्रदेश | के छिंदवाड़ा जिले के आसाराम गुरुकुल में शुक्रवार को खाना बनाते वक्त रसोई घर में रखा बायलर फट गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं चार महिलाएं घायल हो गईं।घटना सुबह आठ बजे की बताई जा रही है। छिंदवाड़ा के परासिया रोड पर आसाराम गुरुकुल है, यहां बच्चों के लिए खाना पकाया जाता है। शुक्रवार सुबह बायलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग सहम गए तथा समीप की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हादसे की सूचना पर एएसपी संजीव उईके, सीएसपी मोतीलाल कुशवाह, कोतवाली टीआइ सुमेर सिंग जगेत तथा पुलिस कर्मी पहुंच गए थे।घटना के बाद तत्काल राहत बचाव के कार्य शुरु किए गए। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दर्दनाक हादसे के बाद जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची है। घटना के बारे में एडिशनल एसपी संजीव कुमार उइके ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है। घटना में कुछ लोग घायल भी हुए हैं। हैदराबाद के योद्धा की मौर हुई है। घायलों के नाम उर्मिला कारटे (45) निवासी बरारीपुरा, गुरुकुल में ही रहने वाली नीता साहू (28), माया सिसौदिया (45) निवासी मोहन नगर व शशि डेहरिया (40) निवासी कावेरी नगर बताए गए हैं। आसाराम गुरुकुल में हुई इस घटना के बाद मौके पर पंहुची प्रशासनिक टीम मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि गुरुकुल में 300 बच्चे पढ़ते हैं। आसाराम गुरुकुल में छात्रावास तथा स्कूल दोनों है। हादसे के वक्त 197 बच्चे स्कूल में थे। हालांकि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह स्कूल से काफी दूरी पर था।घटना कैसे हुई, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इसके लिए अलग-अलग बातें कही जा रही हैं। किसी का कहना है कि ज्यादा प्रेशर के कारण बायलर फट गया और यह हादसा हो गया। वहीं किसी का कहना है कि सिलेंडर नया था और उसमें कोई दिक्कत थी। उसे ठीक करते समय ब्लास्ट हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।