भारत में कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं। वैसे तो यहां घूमने के लिए कई जगहें हैं, जहां भारत की संस्कृति, ऐतिहासिकता देखने को मिलती है लेकिन भारत की प्राकृतिक खूबसूरती देश विदेश के यात्रियों को लुभाती हैं। देश में खूबसूरत पहाड़ियां और वादियां हैं तो वहीं झीले और सरोवर हैं। प्राकृतिक औषधियों और जड़ी बूटियों से भरपूर जंगल हैं तो वहीं मन को शांति देने वाले खूबसूरत समुद्री किनारे हैं। विदेशों तक में भारत प्राकृतिक सुंदरता की भूमि के नाम से प्रसिद्ध है। राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के मौके पर देश की सबसे खूबसूरत वादियों के बारे में यहां बताया जा रहा है, जहां सभी को एक बार जरूर जाना चाहिए। यहां की खूबसूरती का अनुभव यात्रियों का मन मोह लेगा। हरे भरे जंगल, सुंदर घाटियां, लहरदार पहाड़ियां और शानदार झीलें व नदियां इन वादियों में समाई हुई हैं। इन सभी का आनंद आपको एक ही सफर में मिल सकता है।

हिमाचल की पब्बर घाटी 

हिमाचल प्रदेश कई मशहूर वादियों से घिरा राज्य है। लेकिन यहां कि पब्बर घाटी सबसे लोकप्रिय और प्रसिद्ध है। पब्बर वैली के मनोहारी दृश्य आपको वहीं बस जाने के लिए मजबूर कर देंगे। पब्बर वैली भारत की सबसे खूबसूरत डेस्टिनेशन्स में से एक है। यहां चारों तरफ पहाड़, घने जंगल की हरियाली, बर्फ से ढकी हुई चोटियां, सूरज की लालियां से चमकते पहाड़ शानदार लगते हैं। इसके साथ ही अगर आप रोमांच के शौकीन हैं तो यह जगह आपके लिए बेस्ट है। पहाड़ों की ऊंचाई से गिरते झरने और बहती नदियों की आवाज अच्छा अहसास कराते हैं। यहां घूमने के लिए काफी सुंदर जगहें हैं। 

अरुणाचल की जीरो वैली

अरुणाचल प्रदेश में बसी जीरो वैली का नाम यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल के रूप में घोषित किया है। इस घाटी की प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों के बीच प्रसिद्ध है। खास बात यह है कि जीरो वैली में पर्यटक साल भर में कभी भी जा सकते हैं। यहां का मौसम बहुत ज्यादा ठंडा नहीं रहता है, ऐसे में यहां मौसम के मुताबिक घूमने की बंदिश नहीं होती। जीरो वैली में आपको टैली वैली वन्यजीव अभयारण्य, मेघना गुफा मंदिर, काइल पाखो, मिडी और जीरो पुटो जैसे खूबसूरत जगहें घूमने को मिलेंगी। यहां पर्यटक एडवेंचर का भी पूरा मज़ा उठा सकते है।

कर्नाटक की शरवती घाटी

कर्नाटक राज्य में भी घूमने के लिए खूबसूरत जगहें हैं। यहां शिमोगा जिले शरवती घाटी स्थित है। इस घाटी में झरने और पतझड़ी पेड़ वातावरण की खूबसूरती को बढ़ाते हैं। पर्यटकों को शरवती घाटी में भालू, बाघ, सियार, हिरण और शेर की पूंछ वाले मकाक सहित कई वन्यजीव देखने को मिल सकते हैं। घाटी पर शरवती नदी बहती है, जो इसकी सुंदरता को अधिक बढ़ाती है। यहां अक्टूबर से फरवरी तक घूमने के लिए बेस्ट समय होता है।

कश्मीर घाटी 

कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है। अगर पहाड़ों, वादियों और झीलों से प्यार है तो एक बार कश्मीर जरूर जाएं। यहां काराकोरम और पीर पंजाल रेंज के बीच कश्मीर घाटी स्थित है। इस घाटी में आपको खूबसूरत नजारें और नीले रंग की शांत झील देखने को मिलेगी। यहां की प्राकृतिक खूबसूरती और शांत माहौल आपको कहीं देखने को नहीं मिल सकता।
 

हिमाचल फूलों की घाटी

हिमाचल की कई खूबसूरत घाटियों में से एक है फूलों का घाटी यानी वैली ऑफ फ्लावर। इस घाटी को हिमाचल का सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल माना जाता है। यहां पर जंगली फूलों की 300 से ज्यादा प्रजातियां हैं, जिनकी खूबसूरती और सुगंध से पूरी घाटी महकती है। इस नजारे को देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। यहां यात्रियों को स्वर्ग जैसा अनुभव होता है।