मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 10 अप्रैल को जांजगीर-चांपा जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल शिवरीनारायण में राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत विभिन्न कार्यो का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही राज्य स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता समापन समारोह में पहले तीन स्थान आने वाली मानस मंडलियों को पुरस्कृत करेंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में सांसद गुहाराम अजगले, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेश्री महंत डॉ। रामसुंदर दास, शाकाम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष रामकुमार पटेल, विधायक इंदू बंजारे, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष चित्ररेखा साहू, विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। 

राज्य स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता के समापन और राम वन गमन पर्यटन परिपथ के विभिन्न कार्यो के लोकार्पण अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी होगा। संस्कृति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को राज्य स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता, तीन बजे से जसगीत सम्राट दिलिप षडंगी की प्रस्तुत होगी। शाम छह बजे राज्य स्तरीय मानस गायन प्रतियोगिता में विजेता मंडली की प्रस्तुति होगी। बाद में बाबा घाट में महा आरती का आयोजन होगा। फिर दीक्षांत समूह खैरागढ़ द्वारा राम-शबरी प्रसंग पर आधारित नृत्य नाटिका और रात आठ बजे भजन सम्राट पद्मश्री अनूप जलोटा की प्रस्तुति होगी।