भोपाल :   प्रदेश में हो रहे नगरीय निकाय चुनाव में नामांक जमा करने का आज आखिरी दिन है। दोनों ही दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। सूची जारी होते ही दोनों दलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं के बगावती सुर सुनाई दे रहे हैं। कांग्रेस की अपेक्षा भाजपा में घोषित प्रत्याशियों का ज्यादा विरोध हो रहा है।

सिंधिया समर्थक अमित सोनी फिर से कांग्रेस के पाले में

गुना नगरपालिका में भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे अमित सोनी टिकट न मिलने से बागी हो गए। उन्होंने पार्टी से बगावत कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। अमित सोनी पूर्व में युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। वह सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़ भाजपा में आये थे। गुना नगरपालिका में पार्षद पद के लिए वह दावेदारी कर रहे थे, लेकिन उनका टिकट नहीं हो पाया। वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ विधायक जयवर्धन सिंह के समक्ष कांग्रेस में शामिल हो गए।