मध्यप्रदेश की 16 में से पांच नगर निगमों के नतीजे आज आ जाएंगे। इससे पहले 17 जुलाई को 11 नगर निगमों के नतीजे आए थे। उसमें सात में भाजपा, तीन में कांग्रेस और एक में आम आदमी पार्टी के महापौर चुनाव जीते थे।

देवास में गीता अग्रवाल की बढ़त 35 हजार 

देवास नगर निगम के महापौद पद की भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने कांग्रेस की विनोदनी व्यास के खिलाफ निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। उन्हें अब तक 64 हजार 50 वोट मिले हैं। वहीं, व्यास को 29 हजार 47 वोट मिले हैं। इस तरह बढ़त 35 हजार वोट की हो गई है। देवास में एक लाख 13 हजार 479 वोट की गिनती हुई है। देवास में भाजपा की महापौर प्रत्याशी गीता अग्रवाल बड़ी जीत की ओर बढ़ गई है। 

भाजपा में मंथन शुरू

नगरीय निकाय चुनावों में नगर निगमों में भाजपा के कमजोर प्रदर्शन पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है। इसमें नगरीय निकाय के चुनावों के परिणामों पर चर्चा होगी।

कटनी में आम आदमी पार्टी ने खोला खाता

भाजपा ने 45 सीटों वाली नगर निगम परिषद में 23 सीटें जीत ली हैं। हालांकि, कांग्रेस को 13 सीटों पर जीत मिली है। आम आदमी पार्टी ने भी खाता खोल लिया है। उसका एक प्रत्याशी जीत गया है। शेष आठ सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। 

रीवा में अजय मिश्रा की जीत तय

रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज में लगने लगे नारे राजतिलक की करो तैयारी आ रहे है पंजाधारी। अजय मिश्रा बाबा 11 हजार मतों से आगे। अब सिर्फ एक राउंड की गिनती बाकी है। 

दो में भाजपा, दो में कांग्रेस आगे

मध्य प्रदेश के दूसरे चरण के नगर निगम चुनावों में मुरैना और रीवा में कांग्रेस आगे है। वहीं, भाजपा की बढ़त सिर्फ देवास और रतलाम में रह गई है। कटनी में भाजपा की बागी प्रत्याशी ने बढ़त बना रखी है। मुरैना में कांग्रेस की शारदा सोलंकी को 8,000 वोट, रीवा में कांग्रेस के अजय मिश्रा को 7,000 वोट, देवास में भाजपा की गीता अग्रवाल को 550 वोट, रतलाम में प्रहलाद पटेल को 1500 वोट और कटनी में निर्दलीय प्रत्याशी प्रीति सूरी को 1,200 वोट की बढ़त है।  

रीवा में अजय मिश्रा निर्णायक बढ़त के करीब

तीसरे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी अजय मिश्र बाबा करीब 7000 वोटों से आगे चल रहे हैं। यहां सिर्फ दो राउंड की काउंटिंग शेष रह गई है। रीवा में दूसरे चरण की मतगणना के बाद भाजपा के प्रबोध व्यास  पिछड़ गए हैं। कांग्रेस के अजय मिश्रा बाबा करीब 6000 वोटों से आगे चल रहे हैं।   

मुरैना में कांग्रेस को 3,475 वोट की बढ़त

मुरैना में एक राउंड के बाद भाजपा प्रत्याशी मीना मुकेश जाटव को 7131 वोट मिले हैं। वहीं, कांग्रेस की शारदा सोलंकी को 10,606 वोट मिले हैं। बसपा ने 2,527 वोट हासिल किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी 3,475 वोट से आगे निकल गई हैं।  

कटनी में कांग्रेस के पार्षदों को सफलता

कटनी के 45 वार्डो में से पांच में भाजपा और सात में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। तीन पार्षद निर्दलीय भी जीते हैं।