इस्लामाबाद । आर्थिक और राजनीतिक संकट में फंसे पाकिस्तान के लिए अब बाढ़ विनाशकारी साबित हो रही है। बाढ़ ने पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस भीषण बाढ़ में लाखों एकड़ भूमि में खड़ी फसल बर्बाद होने के साथ ही लाखों लोगों को विस्थापित होने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इस स्थिति में पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को करीब 18 अरब डॉलर का नुकसान पहुंचने का अंदेशा है। पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरों में कहा गया कि बाढ़ की वजह से 80 लाख एकड़ से अधिक फसल बर्बाद हो गई है। इसके अलावा 3.3 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित भी हुए हैं। एक अखबार में छपी खबर के मुताबिक पाकिस्तान में बाढ़ से हुए नुकसान का त्वरित आकलन करने पर सरकार ने पाया है कि यह नुकसान करीब 18 अरब डॉलर का होगा। देश का एक-तिहाई हिस्सा बाढ़ से प्रभावित है। खबर के मुताबिक पाकिस्तान को इस बाढ़ की वजह से होने वाला नुकसान और बढ़ सकता है।
दरअसल पहले 42 लाख एकड़ क्षेत्र में बोई गई फसल के नुकसान पहुंचने का अनुमान लगाया गया था लेकिन नया अनुमान 82.5 लाख एकड़ क्षेत्र में लगी फसल के तबाह होने का है। रिपोर्ट के मुताबिक कपास, धान समेत कई फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है और यदि बाढ़ के पानी की निकासी ठीक से नहीं की गई तो गेहूं की बुवाई पर भी इसका असर पड़ सकता है। इस बीच राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मंत्रालय को गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाने के बारे में विवरण तैयार करने का काम सौंपा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ दिन पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए कहा था कि पाकिस्तान एक समुद्र की तरह लग रहा है। जहां तक आप देखेंगे वहां तक पानी ही पानी होगा।