छत्तीसगढ़ के जशपुर में डेढ़ साल पहले हुई युवक की हत्या गांव के ही 2 युवकों ने की थी। दोनों ने पहले तो युवक के साथ शराब पी थी। फिर पेड़ काटने और खंभा उखाड़ने को लेकर उनका उससे विवाद हो गया। झगड़ा इतना बढ़ा कि दोनों ने डंडे से पीट-पीटकर उसकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देकर दोनों मुंबई और अंडमान में जा छिपे थे। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

कदमटोली घुघरी गांव में 22 सितंबर 2020 को गांव के रहने वाले अशोक मिंज (32) की लाश मिली थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला था कि युवक की हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले थे। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। 2 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से पता चला कि दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों के घर में दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनकी घर आने की गलती की वजह से वे पुलिस की पकड़ में आ गए। पूछताछ में दोनों आरोपियों अजय और राबर्ट ने बताया कि हम मुंबई और अंडमान चले गए थे। वहीं इतने दिनों से रह रहे थे।पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को पूरे मामले का खुलासा किया गया।