भोपाल । प्रदेश में हाल ही में संपन्न पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले का सेमिफायनल माना जा रहा है। चुनाव नतीजों के बाद राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने मंथन शुरू कर दिया है। संघ की दीपावली बैठक के बाद मप्र में सत्ता और संगठन में बड़ा उपटफेर होने की संभावना है। जिसमें क्षेत्रीय एवं जातिगत समीकरणों के आधार पर कुछ नए मंत्री शपथ लेंगे साथ ही भाजपा में भी कुछ चेहरों को बदला जाएगा। अभी तक संघ हर चुनाव में प्रत्याशी चयन में सीधे दखलांदी से परहेज करता रहा है, लेकिन इस बार संघ ने सीधे तौर पर भाजपा के कुछ प्रत्याशियों के चयन में भूमिका निभाई है। उन्हें जिताने में भी संघ ने पूरी ताकत झौंकी। अब जब चुनाव की स्थिति साफ हो चुकी है। भाजपा ने दोनों ही चुनाव में जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद भी चुनाव नतीजों के आधार पर संघ मंथन कर रहा है और अगले विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार कर रहा है। संघ सूत्र बताते हैं कि संघ में बैठकें सामान्य प्रक्रिया हंै, लेकिन इन बैठकों के जरिए काम के फीडबैक पर रिपोर्ट तैयार होती है। जिस पर साल में दो बार होने वाली होली-दीपावली बैठकों में चर्चा होती है। इन बैठकों में चर्चा के बाद जो निर्णय होते हैं, उसके आधार पर ही बदलाव होता है। सूत्र ने साफ किया है कि हालांकि भाजपा से इन बैठकों का कोई लेना देना नहीं है।

दलित-आदिवासी चेहरों पर फोकस
संघ अगले विधानसभा चुनाव से पहले तक दलित और आदिवासियों में पैठ बनाने के लिए काम करेगा। इसके साथ ही दोनों ही वर्ग के नेताओं को संगठन में तवज्जो दी जाएगी। संभवत: नंवबर तक मप्र भाजपा में दलित या आदिवासी नेता को बड़ा दायित्व मिल सकता है। दायित्व किस स्तर का होगा यह अभी तक साफ नहीं है। सूत्र बताते हैं कि संघ ग्वालियर-चंबल और अनूसूचित जिलों में सामाजिक समरसता पर जोर देगा।

मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना बढ़ी
शिवराज मंत्रिमंडल में विस्तार की संभावना बढ़ गई है। फिलहाल मुख्यमंत्री समेत 30 मंत्री हैं। ऐसे में 4 विधायक मंत्री बन सकते हैैं। साथ ही कुछ मंत्रियो को हटाया भी जा सकता है। खास बात यह है कि किसी भी विधायक परफॉर्मेंस के आधार पर न तो मंत्री बनाया जाएगा और न ही हटाया जाएगा। सिर्फ जाति, क्षेत्र और वर्ग के आधार पर मंत्री बनेंगे और हटेंगे। दिसंबर से पहले आधा दर्जन निगम-मंडलों में भी नियुक्ति की संभावना है। संघ की ओर से कुछ नामों की सिफारिश भी की जा चुकी है।