पूर्व भारतीय अंडर-19 क्रिकेट कप्तान का 29 साल की उम्र में दिल का दौड़ा पड़ने से निधन
पूर्व भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान अवि बारोट का दिल का दौड़ा पड़ने से 29 साल की उम्र में निधन हो गया। सौराष्ट्र क्रिकेट बोर्ड (एससीए) ने उनके निधन की जानकारी दी। वह हरियाणा और गुजरात का भी प्रतिनिधित्व कर चुके थे और इसी साल उन्होंने टी20 क्रिकेट में तूफानी शतक ठोका था। वह 2019-20 सीजन में रणजी ट्रॉफी जीतने वाली सौराष्ट्र टीम के मेंबर भी थे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर सहित कई क्रिकेटरों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।अवि बारोट ने इस साल की शुरुआत में गोवा के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली ट्राफी में 53 गेंदों पर 11 चौके और 7 छक्के की मदद से 122 रन की शतकीय पारी खेली थी। इस बेहतरीन पारी के दम पर टीम ने 215 रन का स्कोर खड़ा किया था। सौराष्ट्र ने इस मुकाबले को 90 रन से जीता था। बारोट ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर में 38 फर्स्ट क्लास मैच, 38 लिस्ट ए मैच और 20 घरेलू टी20 मैच खेले। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 1547 रन बनाए, जिसमें एक शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए उन्होंने आठ अर्धशतकों की मदद से 1030 रन बनाए थे। टी20 क्रिकेट में उनके नाम एक शतक और पांच अर्धशतक हैं।