बिलासपुर | छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों और BJP की प्रस्तावित रैली को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि राज्य सरकार में इतना दम नहीं है कि BJP के आंदोलन को रोक ले। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोई आपातकाल नहीं लगा है। सरकार की कमी, कमजोरी और जनविरोधी कामों को आईना दिखाना विपक्ष का काम है। इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा हर हाल में 11 नवंबर को महिला मोर्चा के नेतृत्व में महतारी हुंकार रैली करेगी।

संविधान में सभी को अधिकार
दरअसल, BJP की प्रस्तावित हुंकार रैली से पहले प्रशासन की ओर से रैली, जुलूस और धरने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके बाद से ही विपक्ष इसे लेकर सरकार पर हमलावर है। वह इसे लेकर विरोध जता रहा है और अब इस पर सियासत गरम है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में कोई इमरजेंसी लागू नहीं है, कोई आपातकाल नहीं लगा है। संविधान में सभी को अधिकार है कि, वह प्रजातांत्रिक, लोकतांत्रिक ढंग से अपनी बात रख सकते हैं। चाहे वह विपक्ष हो या कोई भी संस्था।