अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा: द राइज' की धुआंधार कमाई जारी है। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच शाहिद कपूर की 'जर्सी' और मेगा बजट फिल्म 'आरआरआर' को टाल दिया गया है। वहीं '83' के गिरते कलेक्शन के लिए कोरोना को भी जिम्मेदार बताया जा रहा है। लेकिन इन सबके बीच ही अल्लू अर्जुन की फिल्म ना केवल शानदार बिजनेस कर रही है बल्कि रिलीज के 16वें दिन भी कमाई के नए रिकॉर्ड बना रही है। मूलत: तेलुगू में बनी 'पुष्पा' को हिन्दी क्षेत्रों में भी जबरदस्त रिएक्शन मिल रहा है।
ऐसा पहले शायद ही हुआ हो कि किसी फिल्म ने 16वें दिन हाईएस्ट सिंगल डे का कलेक्शन किया है। पुष्पा ने ओपनिंग डे पर 3.33 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म ने रिकॉर्ड बनाते हुए बीते शनिवार को सबसे ज्यादा 6.10 करोड़ की कमाई की। यह फिल्म का तीसरा शनिवार था। हिन्दी वर्जन में अभी तक कुल 56.69 करोड़ जुटा लिए हैं। 

अनुमान लगाया जा रहा है कि रविवार को भी बिजनेस अच्छा रहेगा। इसी तरह फिल्म का कलेक्शन बढ़ता रहा तो जल्द ही 75 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी। अल्लू अर्जुन के अलावा फिल्म में रश्मिका मंदाना और फहद फासिल हैं। इसका निर्देशन सुकुमार ने किया है। 'पुष्पा' को तेलुगू और हिन्दी के अलावा मलयालम, तमिल व कन्नड़ में भी रिलीज किया गया है। फिल्म का यह पहला पार्ट है। इसके दूसरे पार्ट की स्क्रिप्ट तैयार है। सुकुमार का कहना है कि वह फिल्म इसी साल दिसंबर में रिलीज करना चाहते हैं।

फिल्म के ओटीटी राइट्स अमेजॉन प्राइम वीडियो के पास हैं। जल्द ही इसकी स्ट्रीमिंग डेट का ऐलान कर दिया जाएगा।