अभिनेता प्रतीक गांधी जल्द ही पर्दे पर महात्मा गांधी का किरदार अदा करते नजर आएंगे। दरअसल अप्लॉज एंटरटेनमेंट ने गांधी के जीवन पर एक बायोपिक बनाने की घोषणा की है। इस बायोपिक में महान स्वतंत्रता सेनानियों को दर्शाते हुए भारतीय स्वतंत्रता के समय को जीवंत किया जाएगा। बता दें कि प्रतीक को 'स्कैम 1992-हर्षद मेहता स्टोरी' के लिए खासतौर से जाना जाता है।यह मल्टी-सीजन सीरीज प्रसिद्ध इतिहासकार और लेखक रामचंद्र गुहा के लेखन पर आधारित होगी। इसे उनकी दो प्रसिद्ध किताबों 'भारत-गांधी से पहले' और 'गांधी: द ईयर्स दैट चेंज्ड द वर्ल्ड' से लिया जाएगा। सीरीज का निर्माण दुनियाभर के दर्शकों के हिसाब से वैश्विक मानकों पर किया जाएगा। इसकी शूटिंग भारत और दुनियाभर की कई अलग-अलग जगहों पर होगी। प्रतीक गांधी को कास्ट करके अप्लॉज एंटरटेनमेंट बेहद खुश है।