कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश विधानसभा के छठे चरण के चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची सोमवार को जारी कर दी। इस सूची से जी-23 नेताओं के नाम नदारद हैं।कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जयराम रमेश, पूर्व सीएम ओकराम इबोबी सिंह और कन्हैया कुमार मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के 30 शुरुआती प्रचारकों में शामिल हैं। 

पार्टी ने एक बार फिर जी-23 नेताओं की अनदेखी की है। स्टार प्रचारकों की सूची में उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर के प्रभारी गुलाम नबी आजाद का नाम नहीं है। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल का भी नाम गायब है। संसद सदस्य मनीष तिवारी का नाम भी पंजाब के स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं है। इससे पहले भी कांग्रेस ने आनंदपुर साहिब से सांसद तिवारी को पंजाब के स्टार प्रचारकों की सूची से बाहर रखा था, लेकिन उन्होंने वहां पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। सूत्रों ने कहा कि पंजाब में 40 फीसद आबादी हिंदू है और बड़ी संख्या में उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी रह रहे हैं।