बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के छेरकाबांधा स्थित वेलकम डिस्टलरी के बाउंसर को घेरकर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। हमले में बाउंसर के दोनों पैर टूट गए। वहीं, उसके साथी को भी चोटे आई है। घायलों का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की शिकायत पर पुलिस जुर्म दर्ज कर हमलावरों की पहचान में जुटी है। रायपुर के बाबू राव रोड खमतराई में रहने वाले अशोक यादव दुर्गेश इंडस्ट्रीज सिक्युरिटी के ब्रांच मैनेजर हैं। उनकी कंपनी के कर्मचारी छेरकाबांधा स्थित वेलकम डिस्टलरी में सुरक्षा का काम देखते हैं।मंगलवार की रात वेलकम डिस्टलरी में विवाद हो गया। इसके बाद अज्ञात लोगों ने कंपनी के बाउंसर अजीत कुमार सिंह और सूरज कुमार झा को घेरकर हमला कर दिया। हमले में दोनों को गंभीर चोटे आई। कंपनी के अधिकारियों ने घायलों को अस्पताल भेज दिया। अस्पताल में पूछताछ करने पर पता चला कि अज्ञात लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की है। इससे अजीत के दोनों पैर टूट गए हैं। वहीं, बीच-बचाव करने पर सूरज को भी चोटे आई है। दोनों को सिम्स भर्ती कराया गया। इसके बाद निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। कंपनी के ब्रांच मैनेजर ने इसकी शिकायत कोटा थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर अज्ञात हमलावर की तलाश कर रही है।