भोपाल । राजधानी सहित प्रदेश भर में कोरोनो की तीसरी लहर का प्रकोप कम होने लगा है। इसका अंदाजा प्रदेश भर में संक्रमित मरीजों की संख्या देखकर लगाया जा सकता है। राजधानी में शुक्रवार को कोरोना के 1098 नए मरीज मिले हैं। कुल 5908 सैंपल की जांच में इतने मरीज सामने आए हैं। इस तरह संक्रमण दर 18 फीसद रही, जो पिछले हफ्ते 25 फीसद से ऊपर थी। शुक्रवार को दो मरीजों की मौत भी हुई है। लगातार पांच दिन से रोजाना भोपाल में 2 मरीजों की मौत हो रही है।  प्रदेश में मिले कुल मरीजों में 36 फीसद इन्हीं दोनों शहरों में मिल चुके हैं। बाकी मरीज दूसरे जिलों के हैं।इंदौर 1440 और भोपाल में 1022 मरीजों की मौत कोरोना से हुई है। यानी प्रदेश में कुल मौतों में से 23 फीसद इन्हीं दोनो जिलों में हुई है।हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि जिन मरीजों की मौत हो रही हैं, वह पहले से ही कैंसर, हृदय रोग या किडनी रोग जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।  राहत की बात यह है कि भोपाल में सक्रिय मरीजों का आंकड़ा भी लगातार घट रहा है। भोपाल में फिलहाल 9805 सक्रिय संक्रमित हैं, जिनमें से 142 मरीज निजी व सरकारी अस्‍पतालों में भर्ती हैं। बाकी मरीज होम आइसोलेशन में रहते हुए अपना इलाज करा रहे हैं। प्रदेश में कोरोना के मरीजों की अब तक की संख्या शनिवार को 10 लाख के ऊपर पहुंच सकती है। शुक्रवार को यह आंकड़ा 9 लाख 95 हजार तक पहुंच गया था। प्रदेश में कोरोना का पहला मरीज 20 मार्च 2020 को जबलपुर में मिला था। इसके बाद 22 मार्च को भोपाल में 22 साल की एक युवती में कोरोना की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद से मरीजों की संख्या बढ़ते हुए अब 10 लाख पर पहुंचने वाली है। इनमें शुरू के 5 लाख मरीज अप्रैल 2021 तक मिले थे। बाकी 5 लाख मरीज पिछले 9 महीने में मिले हैं। प्रदेश में अब तक 10,648 लोगों की मौत भी कोरोना से हो चुकी है। अब तक मिले मरीजों में से 2 लाख 2 हजार इंदौर में और 1 लाख 63 हजार भोपाल में मिले हैं।