आजकल के खान-पान की गलत आदतों, असक्रिय जीवनशैली और तनाव की वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं बढ़ती जा रही है। पेट को ठीक, स्वस्थ रखने के लिए आप कई उपाय आजमाते हैं, लेकिन असर नहीं मिल पाता है। ऐसे में अमरूद खाना लाभकारी साबित हो सकता है। जी हां, सर्दियों में खाए जाने वाला फल अमरूद पेट की समस्याओं को दूर करने में कारगर हो सकता है। अमरूद में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पेट को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। अमरूद खाने से कब्ज की समस्या में भी राहत मिलती है। 

पेट के लिए अमरूद के फायदे - अमरूद पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें पोटैशियम, कार्बोहाइड्रेट, डाइटरी फाइबर और प्रोटीन पाया जाता है। इसके अलावा अमरूद विटामिन सी, विटामिन बी6 का भी अच्छा सोर्स है। कुछ मात्रा में अमरूद में कैल्शियम, आयरन और मैग्नीशियम भी होता है। इसलिए इसे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। लेकिन पेट से जुड़ी बीमारियों को ठीक करने में अमरूद रामबाण इलाज है। डॉक्टर रूपाली बताती हैं कि अमरूद फल और अमरूद के पत्ते दोनों ही पेट के रोगों के लिए लाभदायक होते हैं। अमरूद के पत्ते सर्दियों में खांसी-जुकाम और बलगम को बढ़ाने से रोकते हैं। अमरूद के पत्तों  को पानी में उबालकर 5 दिनों तक पीने से खांसी और जुकाम में आराम मिलता है।

1. पेट दर्द से राहत दिलाए- अधिकतर लोगों को शिकायत रहती है कि अमरूद खाने से उनका पेट दर्द हो जाता है। जबकि अगर सही तरीके से अमरूद खाया जाए, तो इससे पेट दर्द में आराम मिलता है। अमरूद पेट दर्द से राहत दिलाता है। इसके लिए आप अमरूद को चबा-चबाकर खाएं, लेकिन इसके बीजों को चबाने से बचें। इससे आपके पेट दर्द की समस्या बढ़ सकती है।

2. कब्ज से राहत दिलाए- कब्ज सामान्य से लेकर कई गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। यह पेट से जुड़ी एक बीमारी है। इसलिए इसे समय रहते ठीक करना जरूरी होता है। अमरूद कब्ज को दूर करने में काफी कारगर होता है। अमरूद में अच्छी मात्रा में डाइटरी फाइबर पाया जाता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाता है। यह पाचन को भी बढ़ावा देने में मदद करता है। डॉक्टर भी कब्ज होने पर अमरूद खाने की सलाह देते हैं।

3. बवासीर में असरदार- बवासीर आजकल की एक सामान्य समस्या बन गई है। बवासीर कब्ज, बाथरूम में अधिक देर तक बैठे रहना और असक्रिय जीवनशैली के कारण हो सकता है। बवासीर को ठीक करने के लिए कब्ज को ठीक करना जरूरी होता है। ऐसे में आप अमरूद का सेवन कर सकते हैं। पका हुआ अमरूद खाने से पेट का कब्ज खत्म होता है, इससे बवासीर में भी फायदा पहुंचता है। बवासीर होने पर नियमित रूप से अमरूद का सेवन जरूर करें। बवासीर होने पर खाली पेट अमरूद खाना ज्यादा लाभदायक होता है।

4. गैस और एसिडिटी से राहत- गैस और एसिडिटी की समस्या भी आम हो गई है। इससे छुटकारा पाने के लिए अमरूद खाना लाभकारी होता है। अमरूद खाने से वात संतुलन में रहता है, इससे गैस आसानी से निकल जाती है।

अमरूद कब खाना चाहिए- पेट से जुड़ी समस्याओं को ठीक करने के लिए आपको सही समय पर अमरूद खाना जरूरी होता है। आप दोपहर का खाना खाने के आधे घंटे बाद एक अमरूद खा सकते हैं। इससे पेट की सारी समस्या दूर होती है। कब्ज रहने पर आप खाना खाने से पहले अमरूद खा सकते हैं।

अमरूद कब नहीं खाना चाहिए- शाम के समय या रात को अमरूद खाने से बचना चाहिए। इस समय अमरूद का पाचन सही तरह से नहीं हो पाता है, इससे आपकी समस्या भी बढ़ सकती है। साथ ही आपको अमरूद का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अधिक अमरूद खाना नुकसानदायक हो सकता है।