उज्जैन/भोपाल| देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब यात्रा के दौरान सुरक्षा में हुई चूक पर भाजपा आक्रामक है, वहीं प्रधानमंत्री मोदी दीर्घायु के लिए भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने उज्जैन में बाबा महाकाल की दरबार में विशेष अनुष्ठान में हिस्सा लिया। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में महामृत्युंजय का जाप व अन्य स्थानों पर भी मंदिरों में अनुष्ठान किया। प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु के लिए पूजा अर्चना मध्य प्रदेश के विभिन्न मंदिरों में जारी है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में महामृत्युंजय जाप अनुष्ठान में शामिल होकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता व भारत के मुकुटमणि हैं। देश की 135 करोड़ जनता का स्नेहाशीर्वाद और शुभकामनाएं प्रधानमंत्री के साथ हैं। कांग्रेस अपनी घटिया राजनीतिक सोच के चलते भले ही अराजक हो जाये, लेकिन प्रधानमंत्री का बाल भी बांका नहीं कर सकती।

उन्होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री की लोकप्रियता का प्रतिमान है कि कल पंजाब में कांग्रेस सरकार द्वारा उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया गया, तो आज देश की जनता अपने प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए देवाधिदेव महादेव से कामना करने लगी। श्री महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन में प्रधानमंत्री मोदी के दीघार्यु जीवन की कामना के लिए आयोजित महामृत्युंजय जाप अनुष्ठान में सम्मिलित होकर बाबा महाकाल का अर्चन और पूजन किया व प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना की।

इसी तरह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महामृत्युंजय का जाप किया। उन्होंने कहा हम यह भी प्रार्थना कर रहे हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी को सद्बुद्धि दे। मैं मैडम सोनिया गांधी और राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि राजनीतिक विद्वेष ऐसा भी नहीं होता कि आप राजनीतिक कटुता में ऐसे जल उठो कि कांग्रेस शासित राज्य में प्रधानमंत्री के साथ ऐसा व्यवहार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, प्रधानमंत्री की जिंदगी के साथ खिलवाड़ हुआ है और देश की सुरक्षा के साथ भी। कांग्रेस देश को संकट में डालने की कोशिश न करे।