छिन्दवाड़ा:- देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ व सांसद श्री नकुलनाथ ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताद्वय ने नेहरू जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित व पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण करते हुये नागपुर रोड स्थित शहनाई लॉन में आयोजित बाल कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन में बाल कांग्रेस के साथ बाल दिवस मनाया।

 

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ ने आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती है, हम सभी उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में मनाते हैं। मप्र और छिन्दवाड़ा का भविष्य आप लोगों के हाथों में है, स्कूल की कक्षा में आप शिक्षा प्राप्त करते हैं, लेकिन ज्ञान आप कक्षा के बाहर प्राप्त होता है जो जीवन पर सतत हासिल करना चाहिये। अपने सम्बोधन में श्री कमलनाथ ने आगे कहा कि अपना देश सबसे अलग है। मैं हमेशा यह बात कहता हूं कि हमारे देश जैसा पूरे विश्व में नहीं है। संस्कृति, सभ्यता और अनेक विभिन्नता के बाद भी पूरा देश एक झंडे के नीचे खड़ा है। पूरा विश्व हमारे देश की ओर देखता है कि कैसे अनेकता के बाद भी एक झण्डे के नीचे खड़ा है। देश की आजादी में कांग्रेस के महान देशभक्त नेताओं ने अपनी कुर्बानी दी इसके बाद भी हमारे सामने अनेक चुनौतियां थी।

श्री कमलनाथ ने आगे कहा कि पण्डित जवाहरलाल नेहरू देश के प्रथम प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कहा कि अखण्डता कायम रहे और उन्होंने कहा कि देश उसी संस्कृति पर चलेगा, जिसमें दिल जुड़ता है सम्बन्ध जुड़ते हैं। आज इसी एकता, सभ्यता के साथ ही देश भक्तों के संघर्ष पर हमला किया जा रहा जिसे रोकाना होगा। मोदी जी पूछते है कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, मैं मोदी से पूछना चाहता हूँ कि वे अगर स्कूल गए तो वह स्कूल भी कांग्रेस ने बनवाया है, यही जवाब मेरा शिवराज जी को भी होता है। जब स्किल इंडिया का नारा नहीं आया था तब हमने स्किल डेवलपमेंट सेंटर छिन्दवाड़ा में स्थापित कर दिये थे। नारे बोलने और जमीन स्तर पर काम करने में बहुत अंतर है, यह सच्चाई आप लोगों को समझनी होगी।

 

बाल कांग्रेस के संभागीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये सांसद श्री नकुलनाथ ने सर्व प्रथम सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि कांग्रेस एक पार्टी नहीं है कांग्रेस एक विचारधारा है। कांग्रेस के इतिहास को आप जरूर पढ़ें, मेरी तो खुशकिस्मत रही है कि मैंने बचपन से ही कांग्रेस को पढ़ा है। आज भाजपा के नेता देश का इतिहास बिगाडऩे का प्रयास कर रहे हैं, जो नहीं हुआ उसे भी विभिन्न माध्यमों से आप लोगों के बीच परोस रहे हैं, जिसे आप लोगों को समझना होगा, क्योंकि मप्र और छिन्दवाड़ा का भविष्य आप सभी को मिलकर तय करना है। श्री नकुलनाथ ने आगे कहा कि भाजपा के नेता झूठ परोसने और बोलने में बड़े माहिर है और उन्हें जवाब देने के लिये आपको कांग्रेस का इतिहास पढ़ाना होगा।

 

बाल कांग्रेस के प्रदेश उपकप्तान लक्ष्य गुप्ता ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि आज चाचा नेहरू का जन्मदिन है आज ही के दिन वर्ष 2021 में श्री कमलनाथ जी ने बाल कांग्रेस का गठन किया था। कांग्रेस के राष्ट्र भक्त सेनानियों और नेताओं और उनके बलिदान की गाथाओं व देश के इतिहास को बिगाडऩे की कोशिश की जा रही। अपने आर्थिक लाभ के लिए कुछ लोग ऐसा कर रहे हैं।

 

आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये वरिष्ठ अधिवक्ता शैलेन्द्र तिवारी ने सन 1980 से वर्ष 2022 तक की श्री कमलनाथ जी की विकास यात्रा से उपस्थित अतिथियों व बाल कांग्रेस के पदाधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बाल कांग्रेस के प्रभारी कपिल मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

 

आयोजित कार्यक्रम में मप्र शासन के पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना, प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे, विधायक निलेश उइके, नगर पालिक निगम महापौर विक्रम अहके, छिन्दवाड़ा प्रभारी नरेश सराफ, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पुन्हार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना, सुरेश कपाले, स्वप्निल कोठारी व महेन्द्र जोशी सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व हजारों की संख्या में बाल कांग्रेस के सदस्य उपस्थित रहे।  

न्यूज़ सोर्स : बाल कांग्रेस के साथ नकुल-कमलनाथ ने मनाया बालदिवस