नूंह । हरियाणा में नूंह जिले के एक गांव में घर के अंदर संदिग्ध हालत में एक युवक और उसके तीन बच्चों की लाशें मिलने से सनसनी मच गई है। घटना के बाद से मृतक की पत्नी गायब बताई जा रही है। मृतक के परिजनों ने पत्नी पर ही पति और बच्चों की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है ले‎किन अभी कुछ भी पता नहीं चल सका है। नूंह के रोजकामेव थाना अंतर्गत गांव गांगोली में शनिवार सुबह एक घर में पिता और उसके तीन बच्चों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतकों की पहचान 34 वर्षीय जीत सिंह उर्फ जीतन, 12 वर्षीय बेटा खिलाड़ी, 10 वर्षीय बेटी राधिका और सात वर्षीय बेटा प्रियांशु के रूप में हुई है। वारदात के बाद से जीतन की पत्नी मीना गायब है। जीतन का शव कमरे में पंखे से बंधे फंदे से लटका मिला। वहीं, तीनों बच्चे बिस्तर पर मृत पड़े थे। बच्चों को जहर देकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। स्थानीय लोगों से वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत फॉरेंसिंक टीम को भी बुलाया गया। 
बताया जा रहा है कि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जीत सिंह और उसकी पति मीना के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। मीना कई दिनों तक घर से गायब रहती थी। इसके चलते जीत व परिजनों को उसके चाल-चलन पर शक था। इस बारे में महिला के मायके को भी बताया गया था, लेकिन उसमें कोई सुधार नहीं हुआ। आशंका है कि शनिवार रात इसी बात को लेकर इनमें झगड़ा हुआ होगा। ऐसे में महिला या जीत सिंह ने पहले बच्चों को जहर मिलाया हुआ खाना खिलाया होगा। इसके बाद जीत सिंह ने खुद फंदा लगाकर आत्महत्या की होगी। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छानबीन के बाद ही पूरी घटना की सही जानकारी मिल सकेगी।