अहमदाबाद | गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी होने के साथ ही सभी राजनीतिक प्रचार के साथ ही उम्मीदवारों पर भी मंथन कर रहे हैं| पूरे दमखम के साथ गुजरात चुनाव में उतरी आप इस मामले में सबसे आगे चल रही है| आप अब तक 139 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है| जबकि कांग्रेस ने शनिवार को 43 उम्मीदवारों की और आज भारतीय ट्रायबल पार्टी (बीटीपी) ने अपने 12 उम्मीदवारों की सूची जारी की है| जबकि भाजपा ने गुजरात चुनाव के लिए अब तक एक भी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया| बीटीपी ने आज अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है| बीटीपी ने महेश वसावा को नांदोद से टिकट दिया है| इसी प्रकार भिलोडा से डॉ. मार्क कटारा, झालोद से मनसुख रतनभाई कटारा, दाहोद से देवेन्द्र लक्ष्मणभाई मेडा, संखेडा से कुरकन बलजीभाई राठवा, करजण से घनश्याम मेलसंगभाई वसावा, जंबुसर से मणीलाल भोगीलाल पंड्या, ओलपाड से विजय रमेशभाई वसावा, व्यारा से सुनील नागजीभाई गामित, निझर से जनकभाई नाइक डांग से निलेश शिवाजीभाई झांबरे और धरमपुर से सुरेश बल्लुभाई पटेल को बीटीपी ने टिकट दिया है| गुजरात कुल वोट में से 14 प्रतिशत वोट आदिवासी समुदाय के हैं| राज्य में आदिवासियों के लिए कुल 27 सीटें आरक्षित हैं| इसके अलावा 19 सीटों पर आदिवासी वोटरों की निर्णायक भूमिका है| मतलब साफ है कि ये 19 सीटें जीतने के लिए आदिवासी वोटरों को रिझाने जरूरी है|