भोपाल ।  हमारी सरकारों ने हर वर्ग के लिए योजनाएं लागू की हैं और इन योजनाओं से सभी का दिल जीता है। युवा मोर्चा कार्यकर्ता इन योजनाओं को घर-घर तक ले जाएं और इनसे लाभान्वित होने वाले व्यक्तियों से संपर्क करें। कुछ समाज विरोधी लोग जनजातीय क्षेत्रों में भ्रम फैला रहे हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इन ताकतों को जवाब दें।यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को मोर्चा की प्रभारी कविता पाटीदार एवं मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने भी संबोधित किया।

राहुल गांधी दिशा भ्रमित - 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को ही पता नहीं है कि वे पदयात्रा क्यों कर रहे हैं? ऐसे दिशा भ्रमित लोग देश का भला नहीं कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवा तो वह है जो नदियों की धार भी पलट दे, जरूरत पड़े तो बहाव के विपरीत भी तैर कर दिखा दे।

'खिलते कमल" में एक लाख से ज्यादा युवाओं को जोड़ेगा मोर्चा

अगले वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजयुमो नए युवाओं को जोेड़ने का काम करेगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में 'खिलते कमल" अभियान शुरू किया जाएगा। इसमें हर मंडल में सौ युवाओं को जोड़ा जाएगा। प्रदेश में भाजपा के एक हजार 70 मंडल हैं। इस तरह एक लाख से ज्यादा नए युवा संगठन से जुड़ेंगे। भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने बताया कि 'खिलते कमल" अभ‍ियान में जुड़ने वाली युवाओं की विधानसभावार संगोष्ठी कराई जाएगी। इसमें संगठन की युवा नीति तैयार करने के लिए युवाओं से सुझाव लिए जाएंगे। इसमें आए अच्छे सुझावों का ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा। जनवरी में नीति घोषित करने की तैयारी है।

देशज खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़ा जाएगा

युवाओं को जोड़ने के लिए 'खेलेगा मप्र' अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसमें गिल्ली-डंडा जैसे देशज खेलों का आयोजन कर युवाओं को जोड़ा जाएगा। हर स्तर पर इस तरह के खेलों का आयोजन होगा। ज्यादातर वही खेल होंगे जो संघ की शाखाओं में खेले जाते हैंं।