राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी देशभर में भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है। हालांकि कांग्रेस यहीं नहीं रुकने वाली है और भारत जोड़ो यात्रा के दौरान ही पार्टी देशभर में 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की शुरुआत करेगी। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शनिवार को दिल्ली में पार्टी के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का लोगो जारी किया। इसके साथ ही कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट भी जारी की है, जिसमें केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की गई है।

केसी वेणुगोपाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि 130 दिनों की ऐतिहासिक यात्रा (भारत जोड़ो यात्रा) के दौरान हमने बड़ी संख्या में देश के लोगों से बात की। राहुल गांधी ने भी यात्रा के दौरान कई लोगों से चर्चाएं की। इतने लोगों से बातचीत के बाद हम समझ सकते हैं कि लोग मोदी सरकार से परेशान हैं। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत 26 जनवरी से होगी। इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से बात करेंगे और भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को लोगों तक पहुंचाएंगे।

कांग्रेस नेता ने कहा कि आज हमने मोदी सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट भी जारी की है। साथ ही राज्यों की प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी अपनी-अपनी राज्य सरकारों के खिलाफ भी चार्जशीट बनाएंगी। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपने अपने क्षेत्र के मतदाताओं के घर जाएंगे और उन्हें कांग्रेस की विचारधारा के बारे में बताएंगे। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जो संदेश दिया गया, उस संदेश को घर-घर पहुंचाया जाएगा।