कैंसर सर्वाइवर महिलाओं सहित 8 लोगों ने देश में पहली बार हिमालय की 12 हजार फीट ऊंची चोटी फतह की है। इसमें बिलासपुर की कैंसर सर्वाइवर प्रियंका शुक्ला भी शामिल थीं। इसके लिए उन्हें कैंसर पीड़ित महिला रेलकर्मी से प्रेरणा मिलीं, जो कीमोथैरेपी कराने के बावजूद रोज ड्यूटी पर जाती थीं। अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन ने अपने पीक टू पीक विनिंग ऑवर कैंसर अभियान के तहत कैंसर सर्वाइवर को हिमालय के दयारा बुग्याल चोटी ट्रैकिंग कराई। अपोलो अस्पताल प्रबंधन के इस आयोजन का उद्देश्य कैंसर सर्वाइवर न केवल सामान्य जीवन बिता सकते हैं। बल्कि, सामान्य लोगों से भी बेहतर जिंदगी बिताते हुए मुश्किल परिस्थितियों का भी सामना कर सकते हैं।

12 हजार फीट ऊंची ट्रैकिंग के लिए बिलासपुर की प्रियंका राजेश शुक्ला का भी चयन हुआ था। जून माह में हुए इस अभियान का उद्देश्य कैंसर जैसी घातक बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता के साथ हिम्मत और हौसला बढ़ाना था। इस दौरान कैंसर सर्वाइवर को चार दिन और तीन रात बिना किसी सुविधा के पहाड़ों में ही बिताना पड़ा। अपोलो प्रबंधन ने अभियान के लिए ट्रैकिंग इंडिया हाइक की मदद ली। इसमें प्रियंका राजेश शुक्ला के साथ ही देश भर के अलग-अलग शहरों से स्वागतिका, श्रुति, अर्चना होशंगणी, अमिताभ सरकार, सुश्रुत और 71 वर्षीय रिटायर्ड इसरो साइंटिस्ट डॉ. कुणाल कुमार दास शामिल रहे।