भोपाल । मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक यू टर्न ले लिया है। सर्द हवाएं उत्‍तर से दक्षिण की ओर चल रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि ठंड के तेवर चार-पांच दिन बरकरार रहेंगे। मौसम विभाग के अनुसार, उत्‍तर भारत में वेदर सिस्‍टम के कमजोर पड़ने तथा राजस्‍थान पर बने प्रेरित चक्रवात के आगे खिसकने से हवाओं का रुख बदल गया है। अब उत्‍तर-पश्‍चिमी की बजाय उत्‍तर से दक्षिण की ओर सर्द हवा चल रही है। इसके चलते प्रदेश के साथ-साथ राजधानी भोपाल में भी ठंड ने एक बार फिर यू टर्न ले लिया है। आलम यह है कि भोपाल में दो दिन के भीतर रात के तापमान में 07 डिग्री सेल्‍सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अभी रात के समय ठंड के तेवर चार-पांच दिन बरकरार रहेंगे। बीते चौबीस घंटों के दौरान भोपाल में अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री से.कम रहा। यह गुरुवार के अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री से. की तुलना में 4.2 डिग्रीसे. कम रहा। साथ ही न्‍यूनतम तापमान 7.7 डिग्री सेल्‍सियस दर्ज किया गया, जो सामान्‍य से 3.7 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। साथ ही यह पिछले दिन के न्‍यूनतम तापमान के मुकाबले 1.3 डिग्री सेल्‍सियस कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्‍ठ विज्ञानी पीके साहा के अनुसार, पाकिस्तान व जम्मू-कश्मीर पर बना पश्‍चिमी विक्षोभ कुछ कमजोर पड़ा है। इसके साथ ही राजस्थान पर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ गया है। यह वर्तमान में हवा के ऊपरी भाग में परिवर्तित होकर हरियाणा पर सक्रिय है। दोनों सिस्टम कमजोर पड़कर आगे बढ़ गए हैं। इस वजह से शुक्रवार को हवाओं का रुख भी बदल गया है। उत्‍तर से आ रही सर्द हवाएं अपना असर दिखा रही हैं।गौरतलब है कि शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्‍सियस गिरावट के साथ नौ डिग्री सेल्‍सियस रिकार्ड किया गया था। बीते चौबीस घंटों के दौरान सबसे कम न्‍यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्‍सियस पचमढ़ी में रहा ।