भोपाल ।   मप्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दोनों प्रमुख दलों के राष्ट्रीय नेताओं के दौरे भी बढ़ गए हैं। इसी सिलसिले में बुधवार को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा भी भोपाल पहुंचे। यहां पर उन्होंने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेस आयोजित की। इसमें उन्होंने कांग्रेस को आदिवासी विरोधी करार देते हुए उस पर जमकर हमले किए। साथ ही उन्होंने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकारों द्वारा आदिवासी समुदाय के विकास के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मोदी सरकार ने बढ़ाया जनजातीय समाज का मान

अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनजातीय समाज को किसी सरकार से सबसे ज्यादा महत्त्व दिया तो, वह नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने दिया है। 15 नवंबर को माननीय प्रधानमंत्री ने ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में घोषित किया, यह जनजातीय समुदाय के लिए गौरवान्वित करने वाला क्षण है। जनजातीय समाज आगे बढ़े और उनका भी देश के विकास में योगदान हो ,उसके लिए मोदी सरकार कृत संकल्प है। मोदी जी की सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के साथ उनकी सांस्कृतिक विरासत को सम्मानपूर्वक देश के समक्ष लाने का कार्य भी कर रही है।

कांग्रेस ने जनजातीय समाज से किया अन्याय

अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि लगभग 70 वर्षों तक शासन करने वाले कांग्रेस ने हमेशा जनजातीय हितों की उपेक्षा की है और हमेशा राजनीतिक रूप से इनका इस्तेमाल किया। आज इसी कारण कांग्रेस का देशभर में क्या हाल है किसी से छुपा नहीं है। मध्यप्रदेश में जब भी कांग्रेस सरकार में रही, जनजातीय समाज के साथ अन्याय किया। इसी का नतीजा था कि जनता ने भी इन्हे समय-समय पर नकारा है।

कांग्रेस का वचन पत्र छलावा

केंद्रीय मंत्री मुंडा ने कहा कि दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने जनजातीय वर्ग का अधिकार छीना और इस बार फिर झूठे वादों के बल पर कांग्रेस सरकार में आना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस के वचन पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में बहुत से वादे किए हैं। लेकिन ये बस बस एक छलावा है, एक धोखा है। इसे कभी पूरा नहीं किया गया। मध्यप्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब केंद्र सरकार की नीतियों का क्रियान्वयन यहां नहीं होने दिया गया। भाजपा जिस तरह कार्य कर रही है कांग्रेस उससे घबरा गई है। जनजातीय लोगों के लिए चलाई जा रही योजनाएं कमल नाथ की सरकार के समय बंद कर दी गईं।

जनजातीय समाज को गुमराह कर रही कांग्रेस

अर्जुन मुंडा ने कहा कि मध्य प्रदेश में पेसा एक्ट पहले से लागू है, लेकिन कांग्रेस इसे दोबारा प्रारंभ करने का झूठ बोलकर जनजाति वर्ग को गुमराह कर रही है। कांग्रेस हमेशा जनता से झूठे वादे करती रही है। कांग्रेस अब स्वयं दुविधा में है। वचन पत्र में जनजातीय अधिकार कानून लाने की बात कही गई। अटल बिहारी वाजपेयी के समय जनजातीय समुदाय के लिए अलग से मंत्रालय बना। स्पष्ट है भाजपा की प्राथमिकता क्या है। मध्यप्रदेश में अनुसूचित जनजाति के लिए 8 माडल स्कूल, 26 खेल परिषद हैं। कांग्रेस ने परिवारों के नामांकरण के माध्यम से विकास को सीमित किया है। आज देश में जगह-जगह आदिवासी समुदाय के स्वतंत्रता सेनानी के म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। डाक्टर भीमराव आंबेडकर, रानी दुर्गावती के नाम पर स्मारक बनाये जा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस वचन पत्र के माध्यम से झूठ फैला रही है।