भोपाल ।  प्रदेश भर के सरकारी व निजी स्कूलों में दीपावली की छुटि्टयां शुक्रवार से शुरू हो गई हैं। स्कूलों में 10 से 15 नवंबर तक छह दिन की छुट्टी रहेगी। इसके बाद विधानसभा का चुनाव 17 नवंबर को हैं और स्कूलों में मतदान के लिए बूथ बनाए जाने हैं। इस कारण अब सरकारी स्कूलों में पढ़ाई चुनाव के बाद ही संभव है। 20 नवंबर से ही स्कूलों में पढ़ाई शुरू हो पाएगी। दरअसल, 17 नवंबर चुनाव के दिन शुक्रवार को है। वहीं अगले दिन 18 नवंबर को शनिवार है, जिससे शिक्षक मतदान कार्य से वापस लौटेंगे। इसके बाद अगले दिन 19 नवंबर को रविवार है। ऐसे में 20 नवंबर से स्कूल खुलेंगे और पढ़ाई शुरू हो पाएगी। वहीं सरकारी स्कूलों की सभी कक्षाओं की छमाही परीक्षाएं दिसंबर में होंगी। साथ ही वार्षिक परीक्षाएं फरवरी अंत से शुरू होने वाली है। वहीं 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं फरवरी के दूसरे सप्ताह से शुरू होने वाली है। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने वाली है।

स्कूलों में मतदान केंद्र बनाने की तैयारी

राजधानी के स्कूलों में मतदान केंद्र बनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है। स्कूलों में दीपावली की छुट्टी के साथ ही मतदान केंद्र तैयार किए जा रहे हैं। सभी सरकारी स्कूलों में बूथ बनाए जाने की तैयारियां शुरू कर दी गई है। शासकीय कन्या उमावि जहांगीराबाद की प्राचार्य डा. उषा खरे ने बताया कि स्कूल में 20 नवंबर से ही कक्षाएं संचालित हो पाएंगी, क्योंकि दीपावली की छुट्टी के बाद विधानसभा का चुनाव है।