खेल कोटे से ग्रुप-डी में फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार नौकरी लेने की शिकायतों पर खेल विभाग ने कड़ा संज्ञान लिया है। न केवल भर्ती हो चुके कर्मचारियों, बल्कि खेल कोटे से नौकरी मांग रहे सभी युवाओं के खेल ग्रेडेशन सर्टिफिकेट खेल विभाग की वेबसाइट पर सार्वजनिक किए जाएंगे।

नई खेल ग्रेडेशन नीति के तहत ग्रेडेशन सर्टिफिकेट पूरी पारदर्शिता के आधार पर जारी किए जाएंगे। इससे फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा। साथ ही खेल कोटे से योग्यता रखने वालों को नौकरी मिलने का रास्ता साफ होगा। खेल विभाग ने नई खेल ग्रेडेशन नीति के तहत तकरीबन 455 संभावित खेल नर्सरियों को सूचीबद्ध किया है। इस सूची में 170 सरकारी विद्यालयों, 157 निजी शिक्षण संस्थानों, 81 निजी खेल प्रशिक्षण केंद्र व 47 राजीव गांधी ग्रामीण खेल परिसर शामिल हैं।