पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम शर्मा का दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि को निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। सुखराम को ब्रेन स्ट्रोक के कारण पिछले शनिवार को एम्स में भर्ती किया गया था।मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि 1:40 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।वहीं, पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे पंडित सुखराम शर्मा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शनों के लिए हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर के ऐतिहासिक सेरी मंच पर रखा जाएगा। यहां पर स्थानीय नेता उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे, और फिर इसके बाद हनुमानघाट स्थित शमशानघाट पर उनका पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। पंडित सुखराम के निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गहरा शोक जताते हुए इसे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।