हरियाणा के मुक्केबाजों ने अंतिम दिन 10 स्वर्ण पदकों पर गोल्डन पंच लगाते हुए खेलो इंडिया यूथ गेम्स का विजेता बनने का गौरव हासिल कर लिया। उसने पहले दिन से टक्कर दे रहे महाराष्ट्र को अंतिम दिन पछाड़ा। हरियाणा ने 52 स्वर्ण पदक समेत कुल 137 पदक जीते, जबकि महाराष्ट्र 45 स्वर्ण समेत 125 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर रहा। कर्नाटक के तैराक अनीश गौड़ा ने सर्वाधिक छह स्वर्ण पदक जीते।इन खेलों में 25 स्पर्धाओं में 4700 खिलाडियों ने भाग लिया, जिसमें 2262 लड़कियां शामिल हैं।हरियाणा और महाराष्ट्र सोमवार की सुबह 41-41 स्वर्ण के साथ बराबरी पर थे। महाराष्ट्र के लड़कों ने सुबह मलखंब पोल और लड़के-लड़कियों में खो-खो का स्वर्ण जीतकर हरियाणा को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद हरियाणा की लड़कियों ने हैंडबाल में हिमाचल प्रदेश को रोमांचक संघर्ष में 29-28 से हराकर स्वर्ण पदक के अंतर को कम किया, लेकिन जैसे ही मुक्केबाजी की बारी आई। हरियाणा ने महाराष्ट्र को काफी पीछे छोड़ दिया। हरियाणा की आठ में से छह लड़कियों और पांच में से चार लड़कों ने स्वर्ण पदक जीतकर महाराष्ट्र को काफी पीछे छोड़ दिया। हरियाणा ने बॉक्सिंग में 10 और कुश्ती में 16 स्वर्ण जीतकर अपना दबदबा बनाया।