छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को कंबल में लपेटकर घर में ही छिपा दिया और भाग निकला। मामला हरदी बाजार चौकी क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रायगढ़ के खरसिया निवासी धर्म सिंह सिद्धार्थ कोरबा में रेशम विभाग में फील्ड मैन है। वह उतरदा रोड स्थित यदुनाथ सिंह राठौर के घर में पत्नी रजनी सिंह और 18 साल के बेटे हेमंत के साथ किराये से रहता है। उसका बेटा शुक्रवार को अपने मामा के घर गया हुआ था। घर में सिर्फ पति-पत्नी ही थे और उनमें झगड़ा हो रहा था। इसके बाद धर्म सिंह चला गया, लेकिन मकान मालिक ने काफी देर से रजनी को नहीं देखा। 

इस पर उसने धर्म सिंह के मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन वह स्विच ऑफ था। इसके बाद उसने हेमंत को इसकी जानकारी दी। थोड़ी देर में हेमंत अपने मामा के साथ घर पहुंचा तो देखा कि कंबल से उसकी मां का शव खून से लथपथ ढंका हुआ था और कमरे में खून फैला था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। हत्या की सूचना पर पुलिस पहुंची और पूछताछ की तो सामने आया कि पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ था। 

इसके बाद पुलिस ने भी धर्म सिंह से संपर्क का प्रयास किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। इससे पुलिस को भी संदेह हो गया कि धर्म सिंह ने हत्या की है। इस बीच धर्म सिंह के दीपिका में देखे जाने की सूचना मिली तो पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। बताया कि रजनी अपनी कमाई में से उसे रुपये नहीं देती थी। इस बार भी उसने अपनी सैलरी मायके में दे दी। 

इस बात को लेकर दोनों में काफी विवाद हुआ। गुस्से में आकर धर्म सिंह ने रजनी का सिर कमरे में अलग-अलग जगह पटका। जिसके चलते कमरे में जगह-जगह खून फैल गया और रजनी की मौत हो गई। इसके बाद बेडरूम में ही कंबल से उसका शव ढंक कर भाग निकला था। चौकी प्रभारी मयंक मिश्रा ने बताया कि धर्म सिंह को हत्या के आरोप में पकड़ लिया गया है।