सीधी ।   देश की सबसे छोटी लोक गायिका मान्या पाण्डेय को मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रदेश के मुख्यमंत्री के द्वारा प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का जो अभियान चलाया गया है और अपराधियों की अवैध सम्पत्ति पर चल रहे बुल्डोजर को लेकर मान्या पाण्डेय के द्वारा बघेली लोक गीत की तर्ज पर जो गीत गाया गया है वह इंटरनेट मीडिया पर काफी चर्चित हो रहा है। मुख्यमंत्री के बुल्डोजर अभियान पर मान्या पाण्डेय का यह गीत मामा का चला बुल्डोजर, अपराधी त कांपि रहे थर-थर। भागि रहे डर-डर को मुख्यमंत्री सहित प्रदेश की जनता काफी पसंद कर रही है। जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदेश के हर जिले में उक्त गाने का इंटरनेट मीडिया में शेयर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के ट्वीट के बाद मान्या पाण्डेय का गाना और भी लोकप्रिय हो गया है।

लोक गायिका मान्या पाण्डेय केंद्र एवं प्रदेश की जन कल्याणकारी योजना बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, जल अभिषेक अभियान, स्कूल चलो अभियान, कोरोना अभियान, टीकाकरण अभियान, मतदाता जागरुकता अभियान आदि से संबंधित सैकड़ों गाने गा चुकी हैं। मान्या पाण्डेय अपने बघेली लोक गीत की देशभर में प्रस्तुति करते हुए बघेली का परचम लहरा रही हैं। अभी हाल ही में अमरकंटक में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के द्वारा सम्मानित किया गया है। भारत सरकार के तत्कालीन संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल कई बार मान्या पाण्डेय को सम्मानित कर चुके हैं तो वहीं राज्यसभा सांसद अजय प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला ने भी सम्मानित किया है।

335 बघेली लोकगीतों की रिकार्डिंग

मान्या पाण्डेय ने महज 5 वर्ष की उम्र से बघेली लोक गीतों का गायन प्रारंभ किया था। अब वह 11 वर्ष की हो गई हैं और लगभग 335 बघेली लोकगीतों की रिकार्डिंग कर चुकी हैं और देशभर में लगभग 200 से ज्यादा आयोजनोंं मेें अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे बुल्डोजर अभियान के गीत गाने पर सांसद रीति पाठक, राज्यसभा सांसद अजय प्रताप, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, सीधी विधायक केदारनाथ शुक्ला, चुरहट विधायक शरदेन्दु तिवारी, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, आईटी सेल के संभागीय संयोजक तुषार दि्वेदी आदि ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मान्या पाण्डेय को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।