रंगों के त्योहार होली के पर्व पर पानी बचाने के संदेश को मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने युवाओं को संस्कृति से विमुख करने का षड़यंत्र बताया है। वे यहीं नहीं रुके उन्होंने ऐसे संदेश देने वालों के लिए कहा कि यह सांस्कृतिक आतंकवाद है।

मध्य प्रदेश में शिवराज सिंह चौहान मंत्रिमंडल के सदस्य विश्वास सारंग ने होली पर्व पर पानी बचाने के संदेश देकर संकल्प लेने की बात करने वालों को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि पानी सालभर बचाने चाहिए। अकेले होली पर पानी बचाने से कुछ नहीं होगा। यह संकल्प सालभर के लिए लेना चाहिए। उन्होंने ऐसे संदेश देकर संकल्प लेने वालों से सवाल किया है कि गाड़ी को साफ करने के लिए वे कितना पानी बर्बाद करते हैं। 

पानी बचाने का संदेश देने वाले फैला रहे सांस्कृतिक आतंकवाद

सारंग ने कहा कि संस्कृति से जुड़े किसी त्योहार व पुरातन परंपरा के साथ कुठाराघात करना आने वाली पीढ़ियों के साथ कुठाराघात है।  उन्होंने सवाल किया कि तीज त्योहार पर ही ऐसी बातें क्यों आती हैं। ऐसे तथाकथित लोगों द्वारा हिंदू तीज-त्योहार पर कुठाराघात क्यों किया जा रहा है। सारंग ने कहा कि होली केवल त्योहार नहीं है, बल्कि यह एकरूपता का संदेश देने वाला प्रकल्प है। जो यह संदेश दे रहे हैं वे सांस्कृतिक आतंकवाद फैला रहे हैं।