भोपाल,। मध्य प्रदेश की राजनीति में बदमाशों की एंट्री भी हो ही गई। दरअसल राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कुछ बदमाशों ने हमला कर कांग्रेस नेता पीसी शर्मा के समर्थक का सिर फोड़ दिया। घायल कार्यकर्ता को पहले रेडक्रॉस ले जाया गया, जहां से उसे बंसल अस्पताल रिफर कर दिया गया।
जानकारी अनुसार बुधवार शाम करीब 4:00 बजे अज्ञात बदमाशों ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में घुसकर हमला कर दिया। यहां बदमाशों ने किसी से कुछ नहीं कहा और लाठी-डंडों से कांग्रेस नेता और भोपाल दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी पीसी शर्मा के कट्टर समर्थक अनस पठान पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अनस का सिर फट गया। घायल अनस को गंभीर हालत में कार्यालय के पास ही स्थित रेड क्रॉस अस्पताल ले जाया गया। हालत ज्यादा बिगड़ने पर घायल को बसंल अस्पताल में रेफर कर दिया गया। इससे पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में अचानक घुसे बदमाशों को देख अफरा-तफरी मच गई। इस हमले को लेकर कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाते हुए बयान दिया और कहा कि यह सुनियोजित हमला था, जिसे भाजपा द्वारा करवाया गया है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता पवन खेड़ा ने इसे भारतीय जनता पार्टी के द्वारा हमला किया जाना बताया है।