छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में सोमवार की रात पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने एक हार्डकोर नक्सली को ढेर कर दिया। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ कटेकल्याण थाना के जंगलों में हुई है। बड़ी संख्या में माओवादियों के जमावड़े की सूचना पर ऑपरेशन लॉंच किया गया था। दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई है। डीआरजी जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का फायदा उठाकर भाग खड़े हुए। इस मुठभेड़ में और भी माओवादियों के घायल होने का अंदेशा है। जवान अभी भी मौके पर मौजूद हैं और सर्चिंग अभियान चला रहे हैं।दंतेवाड़ा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि कटेकल्याण थानाक्षेत्र के जबरामेट्टा के जंगलों में बड़ी संख्या में माओवादियों के जमावड़े की सूचना मिली थी। दंतेवाड़ा डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था। मौके पर देर रात पहुंचे जवानों पर नक्सलियों ने हमला कर दिया। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों ओर से लगभग आधे घंटे तक फायरिंग हुई। गोलीबारी रुकने के बाद घटनास्थल की सर्चिंग करने पर एक पुरूष माओवादी का शव बरामद किया गया है।