रायपुर। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने छत्तीसगढ़ सरकार की गोठान और गोधन न्याय योजना को सराहा है। उन्होंने इन योजनाओं की सराहना करते हुए कहा है कि योजना में ग्रामीणों की भागीदारी के माध्यम से पशुधन की स्थिति में सुधार का काम सुनिश्चित किया जा रहा है। यह देश के आम आदमी के उत्थान की दिशा-दृष्टि है।उन्होंने रविवार को रायपुर जिले के अभनपुर प्रखंड के नवागांव  गांव में आदर्श गौठान का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने यहां के महिला समूहों की आयमूलक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल देश में सबसे अच्छा बॉटम-अप अप्रोच है।उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से हम न केवल खेती और आजीविका के लिए एक बेहतर समाधान प्राप्त कर सकते हैं। बल्कि कृषि में रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अंधाधुंध उपयोग के कारण भूमि की उर्वरता में कमी की समस्याओं को भी कम कर सकते हैं।