न्यूयॉर्क । कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी व सुभाषचंद्र बोस को एनआरआई बताया है। उन्होंने न्यूयॉर्क में सोमवार को प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए दावा किया कि समकालीन भारत के प्रमुख शिल्पकार सभी अनिवासी भारतीय (एनआरआई) थे, जो बाहरी दुनिया के बारे में खुले विचार रखते थे। अमेरिका के अपने तीन शहरों के दौरे के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे कांग्रेस नेता ने कहा कि महात्मा गांधी, बीआर अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, जवाहरलाल नेहरू और सुभाषचंद्र बोस सहित देश के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े सभी प्रमुख नेता एनआरआई थे जो बाहरी दुनिया के बारे में खुले विचार रखते थे। उन्होंने कहा ‎कि आधुनिक भारत के निर्माण के केंद्रबिंदू महात्मा गांधी, एक एनआरआई थे। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की नींव दक्षिण अफ्रीका में रखी गई थी। नेहरू, बीआर अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल, सुभाष चंद्र बोस, सभी एनआरआई थे और बाहरी दुनिया के बारे में वे खुले मन से सोचते थे। गौरतलब है ‎कि राहुल गांधी की टिप्पणी काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि भाजपा अक्सर उन पर विदेशी धरती पर भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कांग्रेस नेता पर भारत को बदनाम करने के लिए एक बड़े वैश्विक आख्यान का भी आरोप लगाया है। 
इस दौरान राहुल गांधी ने अमेरिका में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय की भी सराहना करते हुए कहा ‎कि जितने भी महान लोग भारत से हुए हैं, आप देख सकते हैं कि उन सभी में कुछ खास गुण हैं। उन्होंने सत्य की खोज की, उसका प्रसार किया और उसके लिए संघर्ष किया। वे सभी लोग विनम्र थे और उनमें किसी प्रकार का अहंकार नहीं था। अमेरिका में भारतीयों ने इसी तरह काम किया है और इसीलिए यहां भारतीय सफल हैं। मैं इसके लिए आपका बेहद सम्मान करता हूं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ओडिशा ट्रेन दुर्घटना का भी जिक्र किया और इसे लेकर केंद्र और भाजपा पर निशाना साधा।