उज्जैन ।   कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पति व उद्योगपति राबर्ट वाड्रा सोमवार को धार्मिक यात्रा पर उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग महाकाल, हरसिद्धि व अंगारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में वाड्रा ने नंदी मंडपम से भगवान महाकाल के दर्शन किए। पुजारियों ने उनकी ओर से भगवान महाकाल को जल, दूध अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह हरसिद्धि मंदिर पहुंचे। माता हरसिद्धि के दर्शन कर खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया। अंगारेश्वर महादेव मंदिर में पंचामृत अभिषेक, पूजन किया।

राम मंदिर के लोकार्पण का निमंत्रण मिलेगा तो जरूर जाऊंगा

मीडिया से चर्चा में कहा कि राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में मुझे बुलाया तो मैं अवश्य अयोध्या जाऊंगा। हम सभी धर्म को समान रूप से देखते हैं। अगर मुझे अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में जाने का निमंत्रण मिलता है तो मैं जरूर जाऊंगा। 

वाड्रा ने कही ये बात

मीडिया से बातचीत में वाड्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका व राहुल गांधी मेहनत कर रहे हैं। कर्नाटक की तरह यहां भी बदलाव देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश में कमलनाथ व दिग्विजय सिंह के बीच मतभेद के सवाल पर वाड्रा ने कहा कि दोनों के बीच कोई विवाद नहीं है। सब कुछ ठीक चल रहा है और अच्छा ही होगा।

महाकाल लोक में गिरी प्रतिमाओं को फिर लगा दिया गया

महाकाल लोक के बारे में वाड्रा ने कहा कि यहां पर जो प्रतिमाएं गिरी थी, उन्हें फिर लगा दिया गया। जबकि इन्हें बदलना चाहिए था। भाजपा सरकार ने इस ओर कोई कार्य नहीं किया है। देश में भेदभाव की राजनीति खत्म होना चाहिए। बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और देश को विकास के राह पर ले जाने के लिए जिम्मेदारों को कार्य करने की जरूरत है। 

पांच राज्यों में कांग्रेस की जीत का विश्वास 

उन्होंने पांच राज्यों में कांग्रेस की जीत का विश्वास व्यक्त किया, साथ ही आरोप लगाया कि मोदी सरकार ईडी का दुरुपयोग कर रही है। भेदभाव की राजनीति नहीं होना चाहिए। इजरायल व हमास के बीच चल रहे युद्ध के सवाल पर उन्होंने कहा कि सीज फायर होना चाहिए। मंदिरों के दर्शन उपरांत राबर्ट वाड्रा सेवाधाम आश्रम भी गए।

मणिपुर मामले में आखिर क्यों चुप हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

इस्त्रायल में हो रहे युद्ध पर वाड्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भले ही इस्त्रायल के पक्ष में हो, लेकिन प्रियंका, राहुल ही नहीं बल्कि मैं भी यह चाहता हूं कि सीज फायर होना चाहिए। मणिपुर की घटना पर कहा कि यहां भी प्रधानमंत्री को शांति स्थापित करना थी लेकिन आज भी स्थिति यह है कि मणिपुर में सब कुछ सामान्य नहीं है और दूसरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।