रायसेन।   जिला मुख्यालय से करीब सौ किमी दूर आदिवासी अंचल प्रतापगढ़ जैथारी के पास ग्राम खमरिया पौड़ी में शुक्रवार देर रात बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग लाठी, कुल्हाड़ी से एक-दूसरे प्रहार करने लगे। इस दौरान कुछ लोगों ने दुकान व मोटर साइकिलों में आग लगा दी। काफी देर तक दोनों पक्षों के पुरुषों, बच्चों व महिलाओं के बीच हिंसक संघर्ष जारी रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। गांव में पुलिस बल पहुंचने के बाद ग्रामीणों के बीच संघर्ष थम गया। एहतियात के तौर पर गांव में शनिवार को सुबह चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे, एसपी विकाश कुमार शाहवाल, एएसपी अमृत मीणा सहित अनेक पुलिस व प्रशासन के अधिकारी गांव में मौजूद हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों पर मामला दर्ज करते हुए 20 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक शाहवाल ने बताया है कि स्थिति नियंत्रण में है। सभी घायलों का सिलवानी शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। गांव के अलावा अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात है। अस्‍पताल में इलाज के दौरान दो लोगों ने दम तोड़ दिया

पुलिस की होली निरस्त

शनिवार को पुलिस अधीक्षक निवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया जाना था। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में उपद्रव होने के कारण पुलिस की होली का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है।