मध्यप्रदेश के एक हिस्से में तापमान तेजी से बढ़ रहा है तो दूसरे हिस्से में ओले बरस रहे हैं। शहडोल संभाग में बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। शहडोल के संभागीय मुख्यालय में मंगलवार दोपहर को अचानक बारिश शुरू हुई। बेर के आकार के ओले भी गिरे। इससे पहले संभाग के उमरिया में सोमवार को भी बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इस बीच उमरिया में बिजली गिरने से 11 मवेशियों की मौत की खबर है।शहडोल में मंगलवार दोपहर झमाझम बारिश के साथ ओले गिरे। शहडोल शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी झमाझम बारिश हुई है। बारिश मंगलवार की दोपहर एक घंटे से अधिक समय तक होती रही। बीच-बीच में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने किसानों की मुसीबत बढ़ा दी है। ओले गिरने के बाद शहर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसकी वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसलें कटकर खलिहान में रखी है। कुछ फसल खेतों में ही है। इससे नुकसान होने की अधिक आशंका है। बारिश और ओलावृष्टि की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है।