छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक महिला अपने 2 बच्चों के साथ एक नाले में बह गई। शाम को बाजार से लौटते वक्त यह हादसा हुआ है। महिला एक बच्चे को साड़ी से पीठ पर बांधी थी और दूसरे को हाथ में लेकर साथ चल रही थी। 
सराईपानी निवासी सुमित्रा बाई (30 वर्ष) नाले में बह गई। वह पहाड़ी कोरवा जनजाति की महिला है। सुमित्रा शनिवार को अपने 8 साल के बेटे मंगल साय और एक 10 महीने के बच्चे को पीठ पर बांधकर ग्राम भड़िया के साप्ताहिक बाजार गईं थी। शाम करीब 5 से 6 बजे महिला बाजार से अपने गांव वापस लौट रही थी। रास्ते में एक पहाड़ी नाला को पार करना पड़ता है। इलाके में शनिवार को अच्छी बारिश हुई है। पहाड़ी इलाका होने की वजह से नाले का बहाव तेज हो गया था। महिला नाले को पार करने के दौरान तेज बहाव में दोनों बच्चों के साथ बह गई। कुछ लोगों ने उन्हें देखा, लेकिन उसे बचा नहीं पाए। एक बच्चे का शव एक किमी दूर मिला है। 
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। रेस्क्यू टीम भी बुलाया गया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से महिला व एक बच्चे का पता नहीं चला है। जिला प्रशासन को भी सूचना दी गई है।