रायपुर | UPA के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा छत्तीसगढ़ दौरे पर आए हैं। वे चेन्नई से सीधे रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम सहित कांग्रेस के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। यशवंत सिन्हा कांग्रेस के विधायकों व सांसदों से मुलाकात करेंगे। बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया सहित सभी मौजूद रहेंगे। सिन्हा की मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ शाम को बैठक है, जिसमें रणनीतियों पर मंत्रणा की होगी। बता दें कि विपक्ष द्वारा यशवंत सिन्हा को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। इसके बाद से वे लगातार अलग-अलग राज्यों का दौरा कर समर्थन मांग रहे हैं। गुरुवार को सिन्हा ने तमिलनाडू में विधायकों से मुलाकात की थी। वहां से वे सीधे छत्तीसगढ़ आएं हैं। सिन्हा NDA में शामिल दलों के सांसद और विधायकों से अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। शुक्रवार को कांग्रेस के विधायकों और सांसदों की एक निजी होटल में बैठक बुलाई गई है।